22 फ़रवरी, 2013

रक्षक सरहद का

माँ ने सिखाया
 गुर स्वावलंबी होने का
पिता ने बलवान बनाया 
'निडर बनो '
यह पाठ सिखाया 
बड़े लाड़ से पाला पोसा 
व्यक्तित्व विशिष्ट 
निखर कर आया 
बचपन से ही सुनी गुनी 
कहानियां  बहादुरी की 
देश हित उत्सर्ग की 
मन में ललग जगी 
सेना में भर्ती होने की 
दृढ़ निश्चय रंग लाया 
सिर गर्व से  उन्नत हुआ 
की सरहद की निगहवानी
अब हमारी सरहद को 
कोई कैसे लांघ पाएगा 
आत्मबल से आच्छादित 
रक्षा कवच दृढ़ता का 
कोई कैसे तोड़ पाएगा |
आशा 

19 फ़रवरी, 2013

हैं कितने अरमां

हैं कितने अरमां 
तेरी चरण रज पाने के 
हो तल्लीन तेरी सेवा में 
तुझी में रम जाने के 
प्रातः सुनती मधुर  धुन 
या भक्ति  भाव से  भरे भजन
बस एक ही विनती करती 
इस भव सागर के बंधन से
करो मेरा उद्धार प्रभू 
बाधाएं मेरी कम न होतीं 
चहु ओर से घेरे रहतीं 
उनकी संख्या अनंत 
जाने कितने  सहे 
गर्म हवाओं के थपेड़े 
इस  काँटों से भरे मार्ग पर 
आत्मा लहुलुहान हुई 
जीर्ण क्षीण काया हुई 
फिर भी आशा कम न हुई 
तेरे द्वार आने की 
है बड़ा अरमान 
तुझ में खो जाने का 
भवसागर कर पार 
तेरे दर पर आने का |



17 फ़रवरी, 2013

कैसी उदासी

यह कैसी उदासी चेहरे पर 
आये स्वेद कण माथे पर 
कुछ तो ऐसा है अवश्य 
जो शब्द बन्धक  हो गए 
लवों तक आ कर रुक गए 
यह दुविधा यह बैचैनी 
क्यूं लग रही व्यर्थ सी 
भाव कहीं  अपनत्व का
 दिखाई नहीं देता 
व्यवहार तुम्हारा रूखा
लगता बेगानों सा
क्या कुछ घटित हुआ
इन चंद दिनों में 
जिसकी कोइ खबर तक नहीं
फिर भी अपनों से
यह दुराव कैसा
 लाख भावों को छुपाओ
हम से यह अलगाव कैसा
अपने दिल की सुनो
कुछ मन की कहो
तभी होगा निदान
हर उस समस्या का
जो सात पर्दों में छिपी है
कस कर थामें है बांह
उन शब्दों की उन बिम्बों की
जिन्हें बाहर आने नहीं देती
आज तुम्हारी यह उदासी
बहुत कुछ कह गयी
कुछ अनकहा रहा भी तो क्या
गैरों सा व्यवहार तुम्हारा
सब कुछ बता गया |

आशा