01 मार्च, 2013

एक कली

कली खिली बिरवाही में  
महकी चहकी 
पहचान बनी 
रंग भरा प्रातः ने 
संध्या ने रूप संवारा
जीवन हुआ 
 सरस सुनहरा 
पर धूप सहन ना कर पाई 
वह कुम्हलाई 
तब साथ निभा कर
 उसे हंसाया
 मंद पवन के झोंके ने 
तरंग  उमंग  की जगी
तरुनाई छाने लगी
है इतनी अल्हड़
जब  भी निगाहें ठहरती 
टकटकी सी लग जाती 
देखती ही रह जातीं 
वह सकुचाती 
अपने आप में 
 सिमटना चाहती 
यही है कुछ ख़ास 
जो  नितांत उसका अपना 
देखते तो हैं पर 
उसे छू नहीं सकते 
पर सपने में भी उससे 
दूर हो नहीं सकते |
आशा 


27 फ़रवरी, 2013

आतंकवादी

कटुता ने पैर पसारे 
शुचिता से कोसों दूर हुआ 
अनजाने में जाने कब 
अजीब सा परिवर्तन हुआ 
सही गलत का भेद भी 
मन समझ नहीं पाया 
सहमें सिमटे कोमल भाव 
रुके ठिठक कर रह गए 
हावी हुआ बस एक विचार
कैसे किसे आहत करे |
धमाका करते वक्त भी 
ना दिल कांपा ना हाथ रुके 
ऐसी अफ़रातफ़री मची 
मानवता चीत्कार उठी
फंसे निरीह लोग ही 
हादसे का शिकार हुए 
आहत हुए ,कई मरे 
अनगिनत घर तवा़ह हुए
शातिरों की जमात का तब भी 
एक भी बन्दा विदा न हुआ 
शायद उन जैसों के लिए 
ऊपर भी जगह नहीं 
गुनाहों की  माफी़ के लिए 
कहीं भी पनाह नहीं |
आशा


25 फ़रवरी, 2013

प्रीत की डोर

रिश्ता अनोखा प्रीत का 
चहु और नजर आता 
पूरी कायनात में 
विरला ही इससे बच पाता |
होती उपस्थिति इसकी 
सृष्टि के कण कण में 
जो पा न सके इसको 
लगता बड़ा अकिंचन  सा |
इसको नहीं  जिसने जाना
 जीवन उसका व्यर्थ गया 
जन्म से मृत्यु तक
बड़ा अभाव ग्रस्त रहा |
खग मृग हों या पशु पक्षी
पृथ्वी पर हिलमिल रहते 
आकाश से नाता जोड़ते 
जल से कभी न मुख मोड़ते |
प्रीत की डोर में बंधे
अपना संबल खोजते 
तभी संतुलन रह पाता
सृष्टि के जर्रे जर्रे में  |
सभी बंधे इस रिश्ते में 
 चंद लोग  क्यूं महरूम इससे
आपसी बैर पाल रहे
सृष्टि का संतुलन बिगाड़ रहे ?