12 मार्च, 2011

मेरी आँखों में बस गया है



मेरी आँखों में बस गया है
वह प्यारा सा भोला चेहरा
जो चाहता था ऊपर आना
पर चढ़ नहीं पाता था |
अपनीं दौनों बाहें पसार
लगा रहा था गुहार
जल्दी से नीचे आओ
मुझे भी ऊपर आना है
अपने साथ ले कर जाओ |
सूरज के संग खेलूंगा
चिड़ियों से दोस्ती करूँगा
दाना उन्हें खिलाऊंगा
फिर अपने घर ले जाऊंगा |
जब में बक्सा खोलूँगा
खिलौनों की दूकान लगा दूंगा
जो भी उन्हें पसंद होगा
वे सब उन्हें दे दूंगा |
उसकी भोली भाली बातें
दया भाव और दान प्रवृत्ति
देख लगा बहुत अपना सा
एक भूले बिसरे सपने सा |
वह समूह में रहना जानता है
पर उसकी है एक समस्या
अकेलापन उसे खलता है
घर में नितांत अकेला है |
माँ बापू की है मजबूरी
उस पर ध्यान न दे पाते
उसे पडोस में छोड़ जाते
जब भी वह देखता है
अपने पास बुलाता है |
अब तो खेल सा हो गया है
टकटकी लगा मैं
उसका इन्तजार करती हूँ
जैसे ही दीखता है
गोद में उठा लेती हूँ |
उसके चेहरे पर
भाव संतुष्टि का होता है
उस पर अधिक ही
प्यार आता है |
आशा





11 मार्च, 2011

वह खेलती होली


खेतों में झूमती बालियाँ गेहूं की
फूलों से लदी डालियाँ पलाश की
मद मस्त बयार संग चुहल उनकी
लो आ गया मौसम फागुन का |
महुए के गदराय फल
और मादक महक उनकी
भालू तक उन्हें खा कर
झूमते झामते चलते |

किंशुक अधरों का रंग लाल
गालों पर उड़ता गुलाल
हो जाते जब सुर्ख लाल
लगती है वह बेमिसाल |
चौबारे में उडती सुगंध
मधु मय ऋतु की उठी तरंग
मनचाहा पा हो गयी अनंग
गुनगुनाने लगी फाग आज |
भाषा मधुर मीठे बोल
चंचल चितवन दिल रख दे खोल
अपने रसिया संग
आज क्यूँ ना खेले फाग |
मन को छूती स्वर लहरी
और फाग का अपना अंदाज
नाचते समूह चंग के संग
रंग से हो सराबोर |
वह भीग जाती प्रेम रंग में
रंग भी ऐसा जो कभी न उतारे
तन मन की सुध भी बिसरा दे
वह खेलती होली
रसिया मन बसिया के संग |

आशा





10 मार्च, 2011

दंश का दर्द

कच्ची सड़क पर लगे पैर में कंटक
निकाल भी लिए
जो दर्द हुआ सह भी लिया |
पर हृदय में चुभे
शूल को निकालूँ कैसे
उसके दंश से बचूं कैसे |
जब हो असह्य वेदना
बहते आंसुओं के सैलाव को
रोकूं कैसे |
इस दंश का दर्द
जीवन पर्यन्त होना है
कैसे मुक्ति पाऊं उससे |
बिना हुए चोटिल
दोधारी तलवार पर चलना
और बच पाना उससे
होता है बहुत कठिन
पर असम्भव भी नहीं |
शायद वह भी सहन कर पाऊं
धरा सा धीरज रख पाऊं
और मुक्ति मार्ग पर चल पाऊं
बिना कोई तनाव लिए |

आशा

09 मार्च, 2011

तलाश


खोने लगी हूँ सपनों की दुनिया में
अपने आप में अदृश्य की तलाश में
कल्पना सजग हुई है
मन का कौना तलाशती है |
हो एक अज्ञात कल्पना
स्वप्न लोक का हो विस्तार
आस पास बुने जाल में
हो छिपी भावनाओं का स्पन्दन |
अदृश्य अहसास की छुअन
सानिध्य की लगन
लगता है स्त्रोत कल्पना का
जो हैअसीम है अक्षय
अनंत है विस्तार जिसका |
खोज रही हूँ पहुँच मार्ग
स्त्रोत तक जाने के लिए
जैसे ही पहचान लूंगी
निर्वाध गति से आगे बढूगी
अदृश्य सत्य को साकार पा
आकांक्षा पूरी करूंगी |

आशा





05 मार्च, 2011

नारी


माँ के आँचल में पली बढी
आँगन में पनपी तुलसी सी
नन्हीं बाहें फैला कर
अस्तित्व बनाया अपना भी|
मधुरस से मीठे बोलों से
चहकी मधु बयनी मैना सी
हो गयी घर में रौनक
वह बढ़ने लगी वल्लरी सी |
छिपे गुण प्रस्फुटित हुए
वय बढ़ने के साथ
उत्साह भी कम नहीं
है ललक बहुत कुछ करने की |
सहनशील है, अनुशासित है
कर्तव्य बोध गहरा उसमें
कर्मठ है, जुझारू है
रहती व्यस्त कई कार्यों में |
इतने से जीवन काल में
कई भूमिका निभाती है
बेटी बहिन माँ बन कर
सब का मन हर लेती है |
प्रेयसी या अभिसारिका होती
बन जीवन संगिनी मन में बसती
कार्य कुशलता की धनी है
बाहर भी जंग जीत लेती |
वह अबला ऩही है
कर्त्तव्य अपने जानती है
विमुख नहीं अधिकारों से भी
उन्हें खोना नहीं चाहती |
इसी लिए दौड़ रही है
आज के व्यस्त जीवन में
बराबरी से चल रही है
स्पर्धा की दुनिया में |

आशा


04 मार्च, 2011

कच्ची उम्र सुनहरे सपने

सुन्दर गुमसुम गुड़िया सी
छवि उसकी आकर्षित करती
कोई कमी उसमें ना देखी
आत्म विश्वास से भरी रहती |
सोचती है समझती है
पर सच सुनना नहीं चाहती
मन में छुपे कई राजों को
किसी से बाँटना नहीं चाहती |
कच्ची उम्र सुनहरे सपने
हर पल सपनों में ही जीती
रहती ककून में बंद
रेशम के कीड़े सी |
अपने को किया
सीमित जालक में
अंतर्द्वंद में घिरी हुई वह
आत्मकेंद्रित हो गयी है |
है उम्र ही कुछ ऐसी
खोई रह्ती कल्पनाओं में
सत्य नहीं जान पाती
है कौन अपना पहचान नहीं पाती |
मुखौटे के है पीछे क्या
यही अगर पहचान पाती
भेद पराये अपने का
स्पष्ट उसे नजर आता |
जो निखार व्यक्तित्व का
था अपेक्षित उससे
होने लगा है अवरुद्ध सा
यह भी वह समझ पाती |
सब बोझ समझ बैठे उसको
यह भूल गये
वे भी कभी गुजरे होंगे
कच्ची उम्र के इस दौर से |
पैर यदि बहकने भी लगे
दिवा स्वप्नों से
अपने आप सम्हल जायेंगे
यह दौर भी गुजर जायेगा |
ठहराव व्यक्तित्व में होगा
और सफलता कदमों में
योग्यता उसकी रंग लायेगी
वह पिछड़ नहीं पायेगी |

आशा










01 मार्च, 2011

बादल


पक्षियों से पंख फैला
आपस में मिलने की आस ले
नीलाम्बर में आते बादल
इधर उधर जाते बादल|
काले भूरे और श्वेत
तरह तरह के होते बादल

जब भी दृष्टि पड़ती उन पर
बहुत सुखद लगते बादल
मन भीग भीग जाता
देख कर सुनहरे बादल |
बादल होते रमता जोगी
स्थिर नहीं रह पाते
इधर उधर भटकते रहते
एक जगह ना रुक पाते |
लगते हेँ सन्देश वाहक से
जो दे सन्देश आगे बढते
जहां से भी चल देते
बापिस नहीं लौट पाते|
है एक बात और उनमें
कभी प्यासी धरती की
तो कभी प्यासे चातक की
प्यास बुझाना नहीं भूलते
प्यासे को पानी देते
हरी भरी
धरती करते |
होते हैं जब भी क्रोधित
करते घोर गर्जन तर्जन
अंदर की आग दर्शाने को
लेते सहारा दामिनी का
विचारक दौनों रूपों को
देखता है सम दृष्टि से
सोचता है मनन करता है
उसे लगता मनुष्य जीवन भी
आते जाते बादल सा |
जीवन भी आगे बढ़ता है
पीछे लौट नहीं पाता
केवल यादे रह जाती हैं
वह दुनिया छोड़ चला जाता |

आशा