17 जनवरी, 2010

सपने

मैं जो चाहूँ जैसे चाहूँ
सपने में साकार करूँ
बचपन की याद समेटे
खेलूँ कूदूँ हँसती जाऊँ |
कभी बनूँ नन्हीं गुड़िया
माँ को रो रो याद करूँ
सपने भी सच्चे होते हैं
मैं कैसे तुमको समझाऊँ |
रोज नए अवतार धरूँ
सपनों की रानी बन कर
तुमसे रूठूँ या मन जाऊँ
या कभी पेड़ पर चढ़ जाऊँ |
दौड़ धूप और कूदाफाँदी
सहज भाव से कर पाऊँ
सपनों में विचरण करूँ
उनमें ही में खोती जाऊँ|
पानी में उतरूँ या तैरूँ
अगले क्षण पार उतर जाऊँ
जो मंदिर दूर दिखा मुझको
उस तक आज पहुँच पाऊँ |
कभी खोज में व्यस्त रहूँ
या कोई पहेली सुलझाऊँ
किसी विशाल मंच पर चढ़ कर
भाषण दूं स्वयं पर इतराऊँ |
जो कुछ नया मिला मुझको
उस तक पहुँच उसे सहेजूँ
सपने भी सच्चे होते हैं
यह कैसे तुमको समझाऊँ |
मन चाहा रूप धर सपने में
स्वप्नों की वादी में विचरूँ
फूलों से सजूँ हवा में बहूँ
सपने भी सच्चे लगते हैं
यह कैसे तुमको समझाऊँ |
ये चाहत पूरी करते हैं
इच्छा को पंख लगाते हैं
अपनों से कभी मिलाते
गैरों को दूर भगाते हैं
बड़ी असंभव बातों का
आसान हल सुझाते हैं |
है मुश्किल याद रखना उन्हें
वे कभी-कभी तो आते हैं
अपने सारे सपने
मुझको बहुत सुहाते हैं |

आशा

15 जनवरी, 2010

पतंग

मै हूँ एक छोटी पतंग
रंग बिरंगी प्यारी न्यारी
बच्चों के दिल की हूँ रानी
एक दिन की हूँ मेहमान |
सारे साल प्रतीक्षा रहती
ख़त्म हो गयी आज
छुटकी देती मुझको छुट्टी
मेरी डोर कहीं ना अटकी |
आसमान की लम्बी सैर
नहीं किसी से कोई बैर
बच्चों की प्यारी किलकारी
मन में भरती उमंग हजारी |
तरह-तरह के कितने रंग
कई सहेली मेरे संग
मुझ में भरती नई उमंग
मै हूँ एक नन्हीं पतंग |
ठुमक-ठुमक के आगे बढ़ती
फिर झटके से आगे जाती
कभी दाएं कभी बायें आती
जब चाहे नीचे आ जाती|
यदि पेच में फँस जाती
लटके झटके सब अपनाती
नहीं किसी से यूँ डर जाती
सारी तरकीबें अपनाती |
जब तक पेंच पड़ा रहता है
साँसत में दिल बड़ा रहता है
फिर डोर खींच अनजान नियंता
मुझको मुक्ति दे देता है |
मुक्त हो हवा के साथ मैं
विचरण करती आकाश में
मेरा मन हो जाता अंनग
मैं हूँ इक नन्हीं पतंग |

आशा

14 जनवरी, 2010

आतंक

जब कोई धमाका होता है ,
घना कोहरा छा जाता है ,
आतंक का घना साया ,
थर्रा देता है धरती को
सहमा देता है जन मानस को |
सन्नाटा अपने पैर जमाता ,
दिल दहल दहल रह जाता है ,
कम्पित होता है सकल जहाँ ,
पर हल कोई नजर नहीं आता !
राजनीति की रोटियाँ सेकी जाती हैं ,
सरहद भी बची नहीं इससे !
बेचा जाता है ईमान यहाँ ,
तब हरी भरी वादी में ,
आतंक अपना पैर जमाता है |
बड़े बड़े झूठे वादे ,
भ्रमित करते हैं जन जीवन को ,
इतनी भी साँस न ले पाते ,
सिसकते हुए अरमान यहाँ |
जब सोती है सारी दुनिया ,
जगती रहती है छोटी मुनिया ,
अंधकार के साये में ,
माँ उसको थपकी देती है ,
अपने बेजान हाथों से ,
उसको गोदी में लेती है |
हर आहट उसे हिलाती है ,
वह चौंक-चौंक रह जाती है ,
शायद कहीं कोई आये,
व्यर्थ हुआ इंतज़ार उसे रुलाता है ,
न ही कोई आता है ,
और न ही कोई आयेगा |
अविरल आँसुओं की झड़ी ,
ना तो रुकी है न रुक पायेगी ,
उसकी आँखें पथरा जायेंगी ,
करते करते इंतजार ,
आतंक बाँह पसारेगा ,
न होंगे सपने साकार,
यह आतंक का साम्राज्य ,
ले गया घरों का सुख छीन कर ,
कितनों के उजड़ गये सुहाग ,
किस माँ की उजड़ी गोद आज ,
बहनों ने भाई खोये हैं ,
उम्मीदों पर लग गये विराम ,
आतंकी दंश लगा सबको ,
जब दहशत गर्दों नें ,
फैलाये अपने पंख विशाल ।

आशा










09 जनवरी, 2010

ख़ुली किताब का पन्ना


चहरे पर भाव सहज आते ,
नहीं किसी को बहकाते ,
न कोई बात छिपी उससे ,
निश्छल मन का दर्पण है वह ,
सूर्य किरण की आभा सा ,
है मुखड़ा उसका ,
ख़ुली किताब के पन्ने सा |
सुरमई आँखों की कोरों में ,
न कोई अवसाद छुपा है ,
न ही विशद आंसुओं की लड़ी है ,
केवल हँसी भरी है ,
उन कजरारी अँखियों में ,
मन चंचल करती अदाओं में ।
है अंकित एक-एक शब्द ,
मन की किताब के पन्नों में ,
उनको समेटा सहेजा है ,
हर साँस से हर शब्द में ,
वही चेहरा दीखता है ,
खुली किताब के पन्ने सा
यदि पढ़ने वाली आँख न हो ,
कोई पन्ना खुला रहा तो क्या ,
मन ने क्या सोचा क्या चाहा ,
इसका हिसाब रखा किसने ,
इस जीवन की आपाधापी में ,
पढ़ने का समय मिला किसको ,
पढ़ लिया होता यदि इस पन्ने को ,
खिल उठता गुलाब सा मन उसका ,
है मन उसका ख़ुली किताब के पन्ने सा |

आशा

07 जनवरी, 2010

बिदाई की बेला में

कुछ मीठी कुछ खट्टी यादें 
 बार बार मन को महका दें 
 उन्हें भूल न जाना बहना 
 आज बिदाई की बेला में 
 मुझे यही है कहना |
 झरने सी तुम कल कल बहना 
 कठिन डगर पर बढ़ती रहना 
 बंध स्नेह का तोड़ न देना 
है  यही तुम्हारा गहना 
 मुझे यही है कहना | 
प्रीत रीत को भूल न जाना 
 घर आँगन को तुम महकाना 
 सदा विहँसती रहना
  हमें भूल न जाना बहना |
 मंगलमय हो पंथ तुम्हारा 
 सदाचार हो गहना 
 सुन्दर तनमन देख तुम्हारा 
कुछ कहा जाए ना बहना 
 मुझे यही है कहना | 
 आशा

06 जनवरी, 2010

अंतिम घड़ी

गीत गाती है
गुनगुनाती है
बातों बातों में झूम जाती है
फिर क्यूँ उन लम्हों को
ज़िंदगी झुठलाती है
जब अंतिम घड़ी आती है |
बचपन का कलरव
यौवन का मधुरव
बन जाता है रौरव
मन वीणा टूट जाती है
जब अंतिम घड़ी आती है |

आशा

05 जनवरी, 2010

मै क्या लिखूँ

मन चाहता है  कुछ नया लिखूँ
क्या लिखूँ ,कैसे लिखूँ ,किस पर लिखूँ
हैं प्रश्न अनेक पर उत्तर एक
कि प्रयत्न करूँ |
यत्न कुछ ऐसा हो कि 
बन जाए एक कविता
कहानी हो ऐसी कि 
मै बन जाऊँ एक जरिया
सयानी बनूँ
 नया ताना बाना बुनूँ
कुछ पर अपना अधिकार चुनूँ
फिर ढालूँ उसे अपने शब्दों में
कृतियों की झंकार सुनूँ
मन मेरा चाहता है
कुछ नया लिखूँ|
नया नहीं कुछ खोज सकी
जो है उस पर ही अड़ी रही
आसमान के रंगों में ही
मेरी कल्पना सजग रही |
स्याह रंग जब मन पर छाया
बहुत उदास दुखों का साया सा
चेहरा नजर आया
मन मेरा हुआ  उदास
सोचा उस पर ही लिखूँ
जब अंधकार से घिरा वितान
दिखे विनाशक दृश्य अनाम
अनजाने भय का हुआ अवसान
इससे भी पूरा ऩहीं हुआ अरमान
क्या लिखूँ , कैसे लिखूँ
यही सोच रहा अविराम |
सुबह की सुनहरी रूपल झलक
ले चली मुझे कहीं दूर तक
एक प्यारा सा चेहरा पास आया
थामा हाथ बना साया
उसने ही मन को उकसाया
कुछ नया लिखूँ कुछ नया करूँ
दुनिया रंग रंगीली है
इसमें रमना भी ज़रुरी है
क्या इस पर भी कुछ लिखूँ !
मैं सोचती हूँ कुछ नया लिखूँ |

आशा