04 मई, 2012

बंधन

 
 ये  घुंघरू बंधन  पैरों के
 ना पहले बजे ना आज
डाले गए  पायलों में
फिर भी बेआवाज
हें ना जाने क्यूँ मौन ?
शायद इसलिए कि
पहनने वाली भी रहती मौन
भाग्य सराहा जाता उसका
होती चर्चा रूप की
सजे पैर पायलों से
यूँ तो आकर्षित करते
घुँघरू तब भी रहते मौन
कोई नहीं जानता
मुराद उसके मन की
रहती सदा अपूर्ण
निराशा ने डेरा डाला
उदासी से पड़ा पाला
 है परकटे पक्षी सी
कैद चार दीवारी में
उड़ नहीं सकती
 है परतंत्र  इतनी
मन की कह नहीं सकती
सोच नहीं पाती
 घर के बाहर भी
 है एक और  जहाँ
ग़मों के अलावा भी
 हैं खुशियाँ वहाँ
 प्रारब्ध का यह खेल कैसा
या फल अनजाने कर्मों का
सब को  सहन करना
आदत सी हो गयी है
ओढ़े आवरण दिखावे का
दिन तो कट ही जाते हैं
है यह कैसा बंधन
लोग ऐसे भी जी लेते हैं |
asha 



30 अप्रैल, 2012

जो मैं भी समझ ना पाया

मनचाहा कह ना पाया 
जो कहा हो ना पाया 
जो भी हुआ 
पचा  ना पाया 
हुए  विद्रोह के स्वर प्रस्फुटित 
वे सारे वार भी 
झेल  ना पाया
किसी ने   मेरा
साथ ना दिया 
सिरे से नकार दिया 
तब धीरे से 
अनकही बातें मन की 
उजागर होने लगीं 
लोगों की समझ से परे 
कई विचार 
उलझे से उपजे 
अन्तर्निहित रहस्य तब भी 
प्रगट नहीं कर पाया 
गहन चिंतन  में खोया 
अपने में सिमट गया 
सार नहीं जब कोई निकला 
अंतर्मुखी हो गया 
लोगों का जब ध्यान गया 
उन सारी बातों पर सोचा 
किसी हद तक उन्हें समझा 
जो मैं भी ना  समझ पाया |
आशा



28 अप्रैल, 2012

बांसुरी

प्राण फूंके कान्हां ने 
बांस की पुगलिया में
बाँसुरी बन कर बजी
ब्रज मंडल की गलियों में
अधरामृत से कान्हां के
 स्वर मधुर उसके हुए
गुंजित हुए सराहे गए
कोई सानी  नहीं उनकी
गोपियाँ खींची चली आतीं
उसकी स्वर लहरी पर
सुधबुध खो रास रचातीं
कान्हां पर बलि बलि जातीं
जमुना तट पर कदम तले
मोह देख कान्हा का
उस बांस की पोंगली से
राधा  जली ईर्ष्या से भरी
बरजोरी की कन्हैया से
छीना उसे और छिपा आई
हाथ जोड़ मिन्नत करवाई
तभी बांसुरी लौटाई
उसे देख कान्हां के संग
ईर्ष्या कम ना हो पाई
वह सौतन सी  नजर आई |
आशा 





25 अप्रैल, 2012

लीन विचारों में




कुछ उलझे से लीन विचारों में
  गर्दन नीची कर बढ़ते
भेड़ों के झुण्ड में जाती एक भेड़ से
चरते सूखी घास पीछे मुड़ नहीं पाते
 सोच  समझ भी खो देते
 उस भेड़ चाल में
 हो  विद्रोही सहनशीलता तज देते
 पर  कभी मेमने के स्वर से
कानों में मिश्री घोलते
अस्थिरता मन की बढ़ती जाती
सुख शान्ति चैन  सब हर लेती 
कुंद बुद्धि होती जाती
जाने वह दिन कब होगा
समृद्धि की बयार बहेगी
जिंदगी सही पटरी पर होगी
लेखनी अवरूद्ध ना होगी
हैं जाने कैसे लोग
कथनी और करनी की
खाई पाट  नहीं पाते
लिखते हैं बहुत कुछ
पर मनोभाव तक पढ़ न पाते
सीमा साहित्य की छू नहीं पाते
नया सोच नई विधाएं अपनाते
क्या बदलाव ला पाएंगे
दर्पण समाज का बन पाएंगे
विष बेल विषमता की
समूल नष्ट कर पाएंगे
जाने कब परिवर्तन होगा
भेड़ चाल से पा छुटकारा
लिखने की स्वतंत्रता होगी
वर्तनी समाज का दर्पण होगी |
आशा


22 अप्रैल, 2012

उसे क्या कहें

मखमली दुर्वा को गलीचा समझ 
की अटखेलियाँ किरणों से 
फिर भी गहरी उदासी से 
मुक्ति ना मिल पाई 
निहारता दूर क्षितिज में
नेत्र बंद से होने लगते 
 खो जाता दिवा स्वप्न में 
सत्य से बहुत दूर 
नहीं चाहता कोई कुछ कहे 
है वह क्या ?आइना दिखाए 
कठिनाइयों से भेट कराए 
भूले से यदि हो सामना 
निगाहें चुराए मिलना ना चाहे
या फिर आक्रामक रुख अपनाए 
कैसे  बीता कल भूल गया 
ना ही चाहता जाने 
होगा क्या कल 
प्रत्यक्ष से भी दूर भागता 
ऐसे ही जीना वह चाहता 
उसे क्या कहें |
आशा


14 अप्रैल, 2012

सौगात कुशलता की

गीली मिट्टी घूमता चाक 
आकार देते सुघड हाथ 
आकृतियाँ जन्म लेतीं 
हरबार नया आभास देतीं 
संकेत होता वही 
हाथों की कुशलता का
मनोंभावों की पूर्णता का 
यदि कहीं कमीं रहती 
मानक पर खरी नहीं उतरती 
वह  सहन नहीं होती 
नष्ट करदी जाती 
मिट्टी  मिट्टी में मिल जाती 
ब्रह्मा ने सृष्टि रची होगी 
ऐसे ही किसी चाक पर 
निर्मित हुईं कई कृतियाँ 
भिन्न भिन्न आकार लिए 
हर आकृति कुछ भाव लिए 
समानता होते हुए भी 
स्व का भाव लिए 
है  जाने क्या ऐसी माया 
दिखने में सभी एक जैसे 
फिर भी होते अलग से 
चाक निरंतर चलता रहता 
वही मिट्टी वही रण 
वही बनाने का ढंग 
फिरभी यह विभिन्नता 
लगती सौगात  कुशलता की
मन में उठते भावो की 
उनकी सजीव अभिव्यक्ति की
आशा






09 अप्रैल, 2012

जिंदगी को भरपूर जिया है


मैंने जिंदगी को
कई कोणों से देखा है
हर कोण है विशिष्ट
हर रंग निराला है
होता जीने का अंदाज
गहराई लिए
तो कभी अहसास
केवल सतहीपन का
दे जाता बहुत कुछ
जो होता दूर
हर व्यक्ति की पहुँच से
दीखता उस रस्सी सा
जिस तक पहुँचना नहीं सरल
पर उसी रस्सी पर नट को
बिना सहारे चलते देखा है
मैंने जिंदगी को करीबसे देखा है
यह है वृत्त बहुआयामी
उन सभी आयामों को
महसूस किया है
दी है अपनीप्रतिक्रिया भी
कोसों दूरअतिशयोक्ति से
पास बहुत सत्य के
उसी सत्य को आकार दे
प्यार में डूबे देखा है
जिंदगी जीने की कला
सीखने की चाहत को
संबल मिलते देखा है
जिंदगी को जिया है
भोगा है महसूस किया है
हर कोण की छुअन को
उन अनुभूतियों को
यादों में समेटा है
मैंने जिंदगी को भरपूर जिया है |
आशा