08 मई, 2013

आधुनिक बिटिया


खून पसीने से सींचा 
पालापोसा बड़ा किया 
जाने कितनी रातें
 आँखों आँखों में काटीं
पर उसे कष्ट न होने दिया 
पढ़ाया लिखाया 
सक्षम बनाया 
जो हो सकता था किया
पर रही पालने में कही कमीं 
बेटी बेटी न रही 
कितनी बदल गयी 
जिस पर रश्क होता था 
कहीं गुम हो गयी
जाने कब खून सफेद हुआ 
संस्कार तक भूली 
धन का मद ऐसा चढ़ा
खुद में सिमट कर रह गयी 
यही व्यवहार उसका 
मन पर वार करता
 आहत कर जाता 
हो अपना खून या पराया 
रिश्ता तो रिश्ता ही है 
 सूत के कच्चे  धागे सा 
अधिक तनाव न सह पाता
 झटके से टूट जाता 
ममता आहत होती
दूरी बढ़ती जाती |




06 मई, 2013

चिड़िया

एक चिड़िया नन्हीं सी 
टुवी टुवी करती
प्रसंनमना उड़ती फिरती 
डालियों पर 
एक से दूसरी पर जाती 
लेती आनंद झूलने का 
एकाएक राह भूली 
झांका खिड़की से 
भ्रमित चकित 
कक्ष में आई 
चारो ओर दृष्टिपात करती
पहले यहाँ वहां बैठी 
सोच रही  वह कहाँ आ गयी 
दर्पण देख रुकी 
टुवी टुवी करती
मारी चोंच उस पर 
आहत हो कुछ ठहरी
फिर वार पर वार किये 
मन ने सोचा 
लगता कोइ दुश्मन 
जो उसे डराना चाहता 
पर यह था केवल भ्रम
उसके अपने मन का 
यूं ही आहत हुई 
जान नहीं पाई 
कोई अन्य न था 
था उसका ही अक्स 
जिससे वह जूझ  रही थी 
बिना बात यूं ही 
भयभीत हो रही थी |
आशा




04 मई, 2013

आनंद कुछ और ही होता

तारों भरे आकाश में 
ले ज्योत्सना साथ में 
मयंक चला भ्रमण करने 
अनंत व्योम के विस्तार में 
सभी चांदनी में नहाए 
ज्योतिर्मय हुए 
क्या पृथ्वी क्या आकाश 
पर पास के अभयारण्य में 
यह सब कहाँ 
धने पेड़ों की टहनियां
 आपस में बात करतीं
आपस की होती सुगबुगाहर 
विचित्र सी आवाज से
मन में भय भरती
सांय सांय चलती हवाएं 
आहट किसी अनजान के 
पद चाप की
अदृश्य शक्ति का अहसास करा 
भय दुगुना करती 
कभी छन कर आती रौशनी में 
कोई छाया दिखाई देती 
मन में भय उपजता 
सही राह न दिखाई देती 
एकाएक ठिठकता सोचता 
कहीं यह भ्रम तो नहीं 
साहस कर कदम आगे बढाता 
फिर भी अकेलापन सालता 
काश कोइ साथ होता 
राह तो दिखाता 
चांदनी रात में तब घूमने  का
आनंद कुछ और ही होता |
आशा





02 मई, 2013

बेचैन मन


 सारे पखेरू उड़ गए
हुआ घोंसला खाली
ठूंठ अकेला रह गया
छाई ना हरियाली
आँगन सूना देख
मेरा मन क्यूं घबराए ना
क्यूं गाऊँ मैं गीत
मुझे कुछ भी भाए ना
सभी व्यस्त अपने अपने में
समय का अभाव बताते
रहते अपनी दुनिया में
उनकी ममता जागे ना
मैं अकेली रह गयी
अक्षमता का बोध लिए
पर डूबी माया मोह में
यह बंधन छूटे ना
यह जन्म तो बीत चला
तेरी पनाह में
है अटूट विशवास तुझ पर
पर मन स्थिर ना रह पाता
अभी है यह हाल
आगे न जाने क्या होगा |

30 अप्रैल, 2013

अनुगूंज

जहां देखती हूँ 
वहीं तुझे पाती हूँ 
तेरी गूँज सुनाई देती 
 सृष्टि के कण कण में |
 ऊंची नीची पगडंडी पर 
पहाड़ियों से धिरी वादी में 
बढ़ता कलरव परिंदों का 
मन हुआ गाने का 
उनका साथ निभाने का
जैसे ही स्वर छेड़ा
अपने ही स्वर गूंजे 
प्रत्यावर्तित हुए |
विचारों में खोई आगे बढ़ी
एकांत में बैठ सरिता तट पर 
देखा उर्मियाँ टकराती चट्टान से 
तभी विशिष्ट ध्वनी होती 
कानों में गुंजन करती |
मैंने पाया एक सुअवसर 
प्रकृति के सानिध्य का 
सुना संगीत साथ देते 
कलकल ध्वनि करते जल का |
 तभी दूर से आती ध्वनि 
व्यवधान बनी कर्ण कटु  लगी
टूटी श्रंखला विचारों की
सोचा यह कहाँ से आई |
अनायास बादल गरजे 
बादलों के  गर्जन तर्जन की
टकराई ध्वनि पहाड़ियों से 
हुई प्रत्यावर्तित 
गूँज उसकी तीव्र हुई 
क्या यही अनुगूंज है ?
शब्द नश्वर नहीं होते 
जब भी कुछ कहा जाता 
वे विलीन हो जाते
 किसी निसर्ग में
कहीं न कहीं सुनाई देती 
उनकी अनुगूंज भुवन में 
जिसे हम अनुभव करते 
अनुगूँज जब होती
सत्य जीवन का उजागर होता 
जिसे भौतिक और नश्वर 
जगत न जान पाता |
आशा




28 अप्रैल, 2013

एक बुलबुला

शाम ढले विचरण करता 
जा पहुंचा सरिता तट पर 
वृक्षों की छाँव तले
बहती जल की धारा 
था मौसम बड़ा सुहाना 
मन भी उससे हारा 
वहीं रुका और बैठ गया 
जल में पैर डाल अपने 
अस्ताचल को जाता सूरज 
 अटखेलियाँ जल से  करता 
दृश्य ने ऐसा बांधा 
उठने का मन न हुआ 
सहसा ठहरी दृष्टि 
जल में उठता बुलबुला देख 
पहले था वह नन्हा सा 
फिर बड़ा हुआ और फूट गया 
वह देखता ही रह गया 
वे एक से अनेक हुए 
बहाव के साथ बहे 
थोड़ी दूर  तक गए 
फिर विलीन जल में हुए 
विचारों ने ली करवट 
सिलसिला शुरू हुआ 
जीवन के बिभिन्न पहलुओं  की
सतत चलती प्रक्रिया का 
उसके समापन का 
सृष्टि का यही तो क्रम है 
क्या सजीव क्या निर्जीव में 
उसे लगा खुद का जीवन 
पानी के एक  बुलबुले सा |
आशा





25 अप्रैल, 2013

सुकून खो गया


मैं खोती तो दुःख न होता
राह खोज ही लेती 
मंजिल तक पहुँच मार्ग 
 बना ही लेती |
पर हूँ परेशान इसलिए 
कि मेरा सुकून खो गया है 
अकारण मन बहुत 
बेचैन हो गया है |
अब तो मुस्कुराने पर भी 
अधिभार लगता है
बाहर कदम बढाने पर 
परमिट लगता है |
यदि भूली कोइ प्रमाणपत्र
बहुत शर्म आती है 
पढ़े लिखे होने  का तमगा
 चूंकि माथे पर लगा है |
मुझसे तो वे ही अच्छी हैं 
जो हैं निपट गंवार 
आत्म बल तो है उनमें 
भय नहीं स्वतंत्र विचरण में |
खोखली मान्यताओं ने 
निर्बल बना दिया 
सुकून भी खोज न पाई
जाने कहाँ भूल आई |
आशा