05 अक्तूबर, 2017

मधुर झंकार

एकांत पलों में 
जाने कब मन वीणा की 
हुई मधुर झंकार 
कम्पित हुए तार 
सितार के मन लहरी के 
पर शब्द रहे मौन 
जीवन गीत के !
जिसने जिया 
उदरस्थ किया उन पलों को 
जीने का मकसद मिल गया 
सुन उस मधुर धुन को ! 
थिरकन हुई कदमों में 
तारों के कम्पन से 
हर कण में बसी 
उत्साह की भावना 
रच बस गयी मन में 
जगा आत्म विश्वास 
उस पल पर टिका कर 
सफलता की सीढ़ी चढ़ी
अब वह जीता है 
उन्हीं पलों की याद में 
जो मुखर तो न हो सके 
पर रच बस गए 
उसके अंतस में ! 


आशा सक्सेना 





01 अक्तूबर, 2017

आज का रावण



हुआ प्रभात कुछ ऐसा 
हर व्यक्ति रावण हुआ 
दस शीश सब में हैं 
कुछ सद्बुद्धि से प्रेरित 
कुछ दुर्बुद्धि में लिप्त 
जब जिसका प्रभाव ज्यादह 
वैसा ही कर्मों का बोलबाला 
मद, मत्सर, माया में लिप्त 
अनुचित कार्य करने में प्रवीण 
आधुनिक रावण घूमते यहाँ वहाँ
समाज पर तीखा वार करने से 
वे नहीं चूकते हर बार 
इस वर्ष भी रावण दहन 
बुराइयों पर विजय पाने की कोशिश में 
बड़े जोश से किया गया दशानन दहन 
पर हुआ कितना कारगर 
एक रावण नष्ट हुआ तभी 
अन्य का हुआ जन्म 
रावणों की संख्या बढ़ रही 
दिन दूनी रात चौगुनी 
अनाचार ने सर उठाया 
अधिक बदतर आलम हुआ ! 


आशा सक्सेना