20 अक्तूबर, 2019

कोई चाहत नहीं है


कोई चाहत नहीं है अब तो
चाहा नहीं कुछ किसी से
जी जी के मरने से है बेहतर
वे दोचार दिन खुशहाल जिन्दगी के |
उन लम्हों में खो जाने के लिए
है जिन्दगी बहुत छोटी सी
किस पल सिमट जाए नहीं जानती |
जी भर कर पल दो पल खुश होंने के लिए
सपनों से लिपट कर सोने के लिए
उन पलों में मन की बातें करने के लिए
छोटी छोटी बातों के निदान के लिए |
दो चार दिन हैं बहुत खुशहाल जिन्दगी के
पलक झपकते ही बीत जाएंगे
रह जाएगा यादों का जखीरा रात ढलते ढलते
हैं दो चार दिन खुशहाल जिन्दगी के |
                                                                                आशा

15 अक्तूबर, 2019

किसने कहा तुमसे


 
किसने कहा तुमसे
कि दामन थाम लो मेरा
क्या है सम्बन्ध मेरा तुमसे
जग जाहिर किया जब से
नफरत सी हो गई है
नजरों के सामने से हटे जब से
तुम किसी काबिल नहीं हो
केवल हो दिखावे की मूरत
या हो एक छलावा
ऊपर कुछ और अन्दर कुछ
जग जाहिर हुई है
असलियत तुम्हारी जब से
नहीं है कोई उन्सियत तुमसे
तुम्हारा प्यार है एक दिखावा
परमात्मा दूर रखे तुमसे
जिल्लत सहन नहीं होती
कितनी बार कहूँ तुमसे |
आशा 

14 अक्तूबर, 2019

अभिमान

अभिमान कहो या गर्व
कुछ तो ऐसा है
कि तुम्हारा मुखमंडल
उन्नत हुआ है
हमें भी नाज है तुम पर
बड़े दिल से सम्मान किया है
याद रहे कभी इसे
घमंड में न बदल देना
नहीं तो सर शर्म से झुक जाएगा
कर्तव्य ही छुप जाएगा
केवल अधिकार की चाहत
कभी पूरी न हो पाएगी
अभिमान मिट्टी में मिल जाएगा
फिर लौट कर न आएगा |
आशा


09 अक्तूबर, 2019

बुद्धि

 बुद्धि के दो रूप होते
कुबुद्धि और सुबुद्धि
जब भी पहली जाग्रत होती
समाज में विघटन होता
कई रावण पैदा होते
राम उन्हें नष्ट करने को
होते सचेत तीर मारते
बुद्धि को परिष्कृत करने की
जुगत सोचते रहते
जब सुबुद्धि आती
सभी कार्य सफल होते
समाज बहुत सचेत हो जाता
आगे बढ़ने का मार्ग खोजता
उन्नत समाज आगे आता |
                                                                          आशा

08 अक्तूबर, 2019

एक रूप प्रेम का


मीरा ने घर वर त्यागा 
लगन लगी जब मोहन से
 विष का प्याला पी लिया
शीष नवाया चरणों में |
सूर सूर ना रहे
कृष्ण भक्ति की छाया में 
सारा जग कान्हां मय लगता 
तन मन भीगा उनमें  |
तुलसी रमें राम भक्ति में 
रामायण रच डाली
राम रसायन ऐसा पाया 
भक्ति मार्ग अपनाया |
एक रूप प्रेम का भक्ति 
लगती बड़ीअनूप
नयन मूँद करबद्ध हो 
जब शीश झुके प्रभु चरणों में |
आशा

07 अक्तूबर, 2019

वर्षा (हाइकू )


१-जल बरसा
जब आसमाँ रोया
बहुत हुआ
२-अधिक वर्षा
प्राकृतिक आपदा
पीछा न छोड़ा
३-बाढ़ का दृश्य
भयावह लगता
मन डरता
४-स्याह आसमां
बेहद बरसेगा
आशा नहीं  थी
५-घरों में जल
बदहवास जन
बेचैन मन
६-बादल आए
हुई न बरसात
उमस बढ़ी
७-बढ़ा कहर
अस्तव्यस्त जीवन
वर्षा ही वर्षा
आशा

06 अक्तूबर, 2019

चांदनी




नहीं किया है कैद
ना ही उसे बंधक बनाया है
ना ही कोई बैरी उसका
 है इच्छा शक्ति प्रवल उसकी |
वह  है ही चंचल चपला सी
तांक झांक करती रहती
पहुँच मार्ग खोजती फिरती
खिड़की खुली देख मुस्कुराई है |
उसे ही अपना मार्ग जान
अपने गंतव्य तक पहुँच पाई है
चांदनी खिड़कियों से आई है |
नहीं कोई भय किसी का
ना ही मार्ग चुनने में भूल की उसने
मन पर भारी पत्थर रखकर
भारी जुगत लगाई है|
 ना ही कदम बहके उसके
चाँद से दूर चली आई है
संयम से काम लिया उसने
तभी वहां तक पहुँच पाई है |
अपनी सफलता पर है गर्व उसे
चमक दो गुनी हो गई उसकी
सब के मन को भाई है
चाँदनी खिड़कियों से आई है |
                                                                              आशा